स्पेन में रेल हादसे में 64 लोगों की मौत, कई देशों ने जताई संवेदना

WhatsApp Channel Join Now

- हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

मैड्रिड, 28 अक्टूबर (हि.स.)। स्पेन के टोलेडो प्रांत में दो ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई। क्षेत्रीय सरकार के कास्तिया-ला मांचा प्रशासन के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने आशंका जताई कि घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

हादसे के बाद यूरोप के कई देशों के नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई। पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुईस मोंटेनेग्रो ने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता देने की पेशकश की।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीड़ितों, उनके परिवारों और राहत कार्य में जुटे आपातकालीन कर्मियों के प्रति संवेदना जताई। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यूरोप इस कठिन समय में स्पेन के साथ है।

इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो तजानी ने दुर्घटना पर गहरी चिंता जताई। मैड्रिड स्थित इतालवी वाणिज्य दूतावास संभावित रूप से प्रभावित इतालवी नागरिकों की जानकारी जुटा रहा है।

अमेरिका के स्पेन में राजदूत बेंजामिन लियोन जूनियर ने भी दुख व्यक्त किया और राहतकर्मियों के प्रयासों के प्रति समर्थन जताया। ब्रिटेन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, बेल्जियम सहित कई अन्य देशों ने भी शोक संदेश भेजे। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768542 Articles

Share this story