नेपाल का सबसे व्यस्त पूर्व-पश्चिम राजमार्ग अवरुद्ध, लगा कई किमी. लंबा जाम

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल का सबसे व्यस्त पूर्व-पश्चिम राजमार्ग अवरुद्ध, लगा कई किमी. लंबा जाम


काठमांडू, 09 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के सबसे व्यस्त राजमार्गो में से एक पूर्व–पश्चिम राजमार्ग हरिवन स्थित चापिनी नदी में बना डाइवर्जन बह जाने के बाद अवरुद्ध है, जिसके कारण इस राजमार्ग के सर्लाही के हरिवन में गुरुवार सुबह 4 बजे से कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है।

राजमार्ग ट्राफिक प्रहरी के एसपी एकनारायण कोइराला ने बताया कि रात में हुई भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से हरिवन के तीनघरे और बासाटोल के बीच स्थित चापिनी नदी का डाइवर्जन बह गया, जिससे राजमार्ग बंद हो गया। इस राजमार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने का कार्य चल रहा है। पुराने पुल की मरम्मत और उसके पास नए पुल के निर्माण के कारण वाहनों की आवाजाही डाइवर्जन के जरिए हो रही थी। डाइवर्जन बह जाने के बाद अब पुराने पुल की मरम्मत का काम रोककर उसी पुल से यातायात संचालन के लिए मिट्टी भरने का काम किया जा रहा है।

घंटों लंबे जाम में फंसने से नाइट बस के यात्री और चालक काफी परेशान हैं। हालांकि, छोटे वाहन चापिनी होकर गांव के अंदरूनी रास्तों से आवागमन कर रहे हैं। बह गए डाइवर्जन को दोबारा बनाने में समय लगने की संभावना है। सर्लाही में इस समय पूर्व–पश्चिम राजमार्ग के कई स्थानों पर डाइवर्जन के जरिए यातायात चलाते हुए बॉक्स कल्वर्ट और पुल निर्माण का कार्य जारी है। बारिश के कारण पानी जमा होने और कीचड़ बनने से अन्य स्थानों के डाइवर्जन पर भी वाहनों का संचालन कठिन हो गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story