महंगाई के खिलाफ फ्रांस में फिर उबाल, पेरिस में हजारों लोगों ने निकाला मार्च

WhatsApp Channel Join Now

पेरिस, 07 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। फ्रांस में बढ़ती महंगाई के खिलाफ शनिवार को हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। राजधानी पेरिस के प्लास द ला रिपब्लिक से प्रदर्शनकारियों का मार्च शुरू हुआ, जो बुलेवार्ड वोल्टेयर से होते हुए प्लास द ला नेशन की ओर बढ़ा।

वैसे तो मार्च शान्तिपूर्ण रहा, बावजूद इसके प्रदर्शनकारियों के आगे पुलिसकर्मी कई कतारों में चलते दिखे। मार्च में शामिल लोग झंडे और तख्तियां लिए हुए थे। इनमें एक तख्ती पर 'क्रांति' लिखा था। रास्ते में इमारतों की खिड़कियों और बालकनियों से कुछ स्थानीय लोगों ने बर्तनों पर चम्मच बजाकर प्रदर्शनकारियों के प्रति समर्थन जताया। मार्च के दौरान माहौल शांतिपूर्ण बना रहा।

फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत सितंबर के मध्य में हुई थी। उस समय पेरिस के उपनगरीय इलाकों में हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने स्कूलों की बदहाल स्थिति में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। धीरे-धीरे यह आंदोलन देशव्यापी हो गया। कई स्थानों पर प्रदर्शन हिंसक भी हुए, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की और सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया।

इससे पहले, गुरुवार को देशभर में बड़ा प्रदर्शन हुआ था। फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, उस दिन करीब 5.75 लाख लोग सड़कों पर उतरे थे, जिनमें 65 हजार पेरिस में शामिल थे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story