थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर झड़पें तेज, 15 थाई सैनिकों की मौत, सैकड़ों घायल

WhatsApp Channel Join Now

बैंकॉक/फ्नोम पेन्ह, 13 दिसंबर (हि.स.)। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर जारी संघर्ष में शनिवार को हालात और गंभीर हो गए। थाई रक्षा मंत्रालय के अनुसार ताज़ा झड़पों में 15 थाई सैनिकों की जान चली गई, जबकि 270 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके साथ ही थाई नागरिकों में भी मौतों का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है।

थाई रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरसंत कोंगसिरी ने बताया कि सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा कारणों से बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। देश में 970 अस्थायी राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां करीब 2.63 लाख लोग शरण ले रहे हैं।

इस बीच रॉयल थाई आर्मी (आरटीए) ने आरोप लगाया है कि कंबोडियाई सेना ने थाईलैंड के सिसाकेत प्रांत में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर हमले किए। सेना के मुताबिक हवाई हमले की चेतावनी के बाद जब स्थानीय लोग बंकरों की ओर भाग रहे थे, उसी दौरान यह हमला हुआ, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थाई सेना ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है।

उधर, कंबोडिया की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि कंबोडिया के गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी कर थाईलैंड के साथ सभी सीमा पार मार्गों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की है। मंत्रालय का कहना है कि यह कदम थाई पक्ष की ओर से की गई कथित सैन्य कार्रवाई और नागरिक इलाकों को नुकसान पहुंचने के बाद उठाया गया है।

कंबोडिया सरकार ने थाईलैंड में रह रहे अपने नागरिकों से सामान्य रूप से कामकाज जारी रखने की अपील की है। इसी तरह कंबोडिया में रह रहे थाई नागरिकों को भी स्थिति सामान्य होने तक वहीं रहने की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर यह संघर्ष 7 दिसंबर को शुरू हुआ था, जिसके बाद से दोनों देश एक-दूसरे पर पहले गोलीबारी करने के आरोप लगा रहे हैं। क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालात पर नजर रखी जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story