नेपाल के सुनसरी में महिला के घायल होने के बाद फिर बढ़ा तनाव, पुलिस बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के सुनसरी में महिला के घायल होने के बाद फिर बढ़ा तनाव, पुलिस बल तैनात


नेपाल के सुनसरी में महिला के घायल होने के बाद फिर बढ़ा तनाव, पुलिस बल तैनात


सुनसरी, 02 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के सुनसरी जिले के दीवानगंज क्षेत्र में बोलबम यात्रा के दौरान हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात सामान्य होने लगे थे, लेकिन रविवार को एक महिला के घायल होने की घटना के बाद क्षेत्र में फिर तनाव बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीवानगंज गांवपालिका-4 के कप्तानगंज में घास काटने गई 33 वर्षीय सरस्वती कुमारी मेहता घायल हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन पर गुलेल से पत्थर फेंका गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें उपचार के लिए विराटनगर स्थित न्यूरो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुई, जब महिला खेत में घास काट रही थीं। हालांकि पत्थर किसने फेंका, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।

स्थिति को देखते हुए सुनसरी जिला पुलिस प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा। दीवानगंज एरिया पुलिस कार्यालय के इंस्पेक्टर प्रकाश पराजुली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, पत्थर फेंकने वाले की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले बोलबम यात्रा के दौरान भड़की हिंसा के समय हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 10 लोग घायल हुए थे। इनमें दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ घायलों का उपचार जारी है। उस हिंसा के दौरान नेपाल के कई इलाकों में आगजनी, मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं भी सामने आई थीं। हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे थे, लेकिन रविवार की ताजा घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story