असद युग के रासायनिक हथियारों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू, सीरिया ने उठाया बड़ा कदम

WhatsApp Channel Join Now


दमिश्क, 03 सितंबर (हि.स.)। सीरिया ने पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासनकाल से जुड़े रासायनिक हथियारों और उनसे संबंधित सामग्रियों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संयुक्त राष्ट्र में सीरिया के प्रतिनिधि इब्राहिम ओलाबी ने सुरक्षा परिषद को इसकी जानकारी दी। यह कदम दिसंबर 2024 में असद सरकार के पतन के बाद सीरिया की नई सत्ता की ओर से रासायनिक हथियारों के मुद्दे पर उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ओलाबी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय रासायनिक हथियार निगरानी संस्था ऑर्गनाइजेशन फॉर द प्रोहिबिशन ऑफ केमिकल वेपन्स (ओपीसीडब्ल्यू) द्वारा चिन्हित सामग्रियों को नष्ट करने का काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन के तहत सीरियाई क्षेत्र में रासायनिक सामग्रियों के विनाश की यह पहली ऐसी प्रक्रिया है।

ओपीसीडब्ल्यू की एक विशेषज्ञ टीम ने मई 2026 में सीरियाई अधिकारियों के सहयोग से देश में पहले से घोषित नहीं किए गए रासायनिक हथियारों, रासायनिक पदार्थों, उपकरणों और संबंधित दस्तावेजों का पता लगाया था।

सीरिया में 2013 के बाद घोषित रासायनिक हथियारों के विनाश की अंतरराष्ट्रीय निगरानी शुरू हुई थी, लेकिन बाद में अतिरिक्त सामग्रियों और गतिविधियों को लेकर सवाल बने रहे। नई सीरियाई सरकार ने अंतरराष्ट्रीय निरीक्षकों के साथ सहयोग बढ़ाया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story