असद शासन की आतंकवाद निरोधक अदालत को सीरिया की संसद ने किया समाप्त

WhatsApp Channel Join Now


दमिश्क, 16 सितंबर (हि.स.)। सीरिया की संसद ने बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन के दौरान बनाई गई आतंकवाद निरोधक अदालत को समाप्त करने और उसके फैसलों के कानूनी प्रभाव को खत्म करने के पक्ष में मतदान किया। सरकारी अल-इख्बारिया टीवी ने यह जानकारी दी। नई संसद के गठन के बाद इसे उसके शुरुआती महत्वपूर्ण विधायी फैसलों में से एक माना जा रहा है।

‘काउंटर-टेररिज्म कोर्ट’ की स्थापना वर्ष 2012 में असद सरकार के खिलाफ शुरू हुए विद्रोह के बीच की गई थी। इस अदालत में आतंकवाद से जुड़े आरोपों के तहत बड़ी संख्या में सीरियाई नागरिकों के खिलाफ मुकदमे चलाए गए थे।

संसद का ताजा फैसला उस प्रक्रिया को औपचारिक रूप देता है, जिसके तहत नई सीरियाई सरकार पहले ही इस अदालत को समाप्त मान चुकी थी। जून 2025 में राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने 67 न्यायाधीशों को पद से हटाने का आदेश दिया था। ये न्यायाधीश उस अदालत में कार्यरत थे, जिसे उन्होंने उस समय ‘समाप्त आतंकवाद निरोधक अदालत’ बताया था।

मार्च 2025 में जारी सीरिया की संवैधानिक घोषणा में भी अदालत द्वारा दिए गए अन्यायपूर्ण फैसलों के प्रभाव को खत्म करने की बात कही गई थी। इसमें जब्त की गई संपत्तियों को उनके मालिकों को लौटाने का प्रावधान भी शामिल था।

संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार समिति ने 2024 में अदालत की स्थापना से जुड़े कानून पर चिंता जताई थी। समिति के अनुसार, कानून में निष्पक्ष न्याय से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण गारंटियां पर्याप्त रूप से सुनिश्चित नहीं थीं। उसने मनमाने ढंग से हिरासत में लिए जाने, यातना या दुर्व्यवहार तथा अदालत की स्वतंत्रता को लेकर भी सवाल उठाए थे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story