कोविड के नए वैरिएंट पीजे-2.1 के लक्षण सर्दी-जुकाम या फ्लू जैसे हो सकते हैं : विश्व स्वास्थ्य संगठन
मॉस्को, 08 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। कोविड-19 के नए वैरिएंट पीजे-2.1 के लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम या फ्लू जैसे हो सकते हैं। ऐसे में केवल लक्षणों के आधार पर संक्रमण की पहचान करना संभव नहीं है और इसकी पुष्टि के लिए जांच जरूरी हो सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती को यह जानकारी दी।
डब्ल्यूएचओ ने कहा कि कोविड-19, इन्फ्लुएंजा और सांस से जुड़े अन्य संक्रमणों के लक्षण एक-दूसरे से काफी मिलते-जुलते हो सकते हैं। इसलिए केवल लक्षण देखकर यह निश्चित रूप से बताना मुश्किल है कि संक्रमण किस वायरस के कारण हुआ है।
संगठन के अनुसार, यदि बीमारी के कारण की पहचान से इलाज की रणनीति या सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े फैसलों पर असर पड़ सकता है, तो जांच कराना आवश्यक हो सकता है।
इससे पहले, डब्ल्यूएचओ के रूस स्थित कार्यालय ने रिया नोवोस्ती को बताया था कि कोरोना वायरस के नए वैरिएंट पीजे-2.1 के वैश्विक स्तर पर फैलने का खतरा बढ़ रहा है। संगठन इस वैरिएंट के प्रसार पर करीबी नजर रख रहा है।
इस बीच, संक्रामक रोग विशेषज्ञ और वायरोलॉजिस्ट डॉ एलेना मालिनिकोवा ने बताया कि इस वैरिएंट के संक्रमण में गले में तेज दर्द और बीमारी से उबरने के बाद लंबे समय तक थकान बने रहना देखने को मिल सकता है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

