रूसी पर्यटकों के वीजा नियम सख्त करने की मांग, स्वीडन ने यूरोपीय संघ से की अपील

WhatsApp Channel Join Now

लक्जमबर्ग, 04 जून (हि.स.)। स्वीडन ने रूसी नागरिकों को जारी किए जाने वाले पर्यटक वीजा के नियमों को और कड़ा करने की मांग करते हुए यूरोपीय संघ(ईयू) से इस दिशा में त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया है। स्वीडन का मानना है कि यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच बड़ी संख्या में रूसी नागरिकों का यूरोपीय देशों में पर्यटन के लिए आना गंभीर चिंता का विषय है।

स्वीडन के आव्रजन मंत्री जोहान फोर्सेल ने कहा कि ऐसे समय में जब यूक्रेन युद्ध की त्रासदी झेल रहा है और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, तब रूसी नागरिकों का यूरोप में छुट्टियां मनाना उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने मौजूदा स्थिति को असंगत बताते हुए वीजा नीति में अधिक सख्ती की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्वीडन सहित 11 यूरोपीय देशों ने संयुक्त रूप से यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास और पर्यटक कमिश्नर मैग्नस ब्रूनर को पत्र भेजकर इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध जारी रहने के बावजूद रूसी नागरिकों को जारी होने वाले पर्यटक वीजा की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।

इन देशों का तर्क है कि सदस्य देशों के बीच अलग-अलग वीजा नीतियां यूरोपीय संघ की सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था और रूस के खिलाफ लागू प्रतिबंधों की प्रभावशीलता को कमजोर कर सकती हैं। इसलिए पूरे यूरोपीय संघ में एक समान और अधिक कठोर नियम लागू किए जाने चाहिए।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story