यूक्रेन के लिए अहम लॉजिस्टिक हब की सुरक्षा बढ़ाएगा स्वीडन, पोलैंड भेजेगा सैनिक और पैट्रियट सिस्टम

WhatsApp Channel Join Now


स्टॉकहोम/वारसॉ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोप में सुरक्षा चिंताओं के बढ़ने के साथ स्वीडन ने नाटो के पूर्वी हिस्से की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्वीडन दक्षिण-पूर्वी पोलैंड के रेज़ज़ोव स्थित महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक केंद्र की सुरक्षा के लिए करीब 100 सैनिकों के साथ अपना पैट्रियट वायु रक्षा तंत्र तैनात करेगा। यह केंद्र यूक्रेन तक सैन्य और मानवीय सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्वीडिश सशस्त्र बलों के अनुसार, प्रस्तावित मिशन का उद्देश्य पोलैंड में स्थित इस रणनीतिक केंद्र की हवाई सुरक्षा मजबूत करना और नाटो के पूर्वी मोर्चे की रक्षा क्षमता बढ़ाना है। रेज़ज़ोव लंबे समय से यूक्रेन को पश्चिमी देशों से मिलने वाली सहायता की आवाजाही का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में इसकी सुरक्षा को लेकर यूरोपीय देशों की चिंता लगातार बढ़ रही है।

स्वीडन के मुताबिक सैनिकों और वायु रक्षा प्रणाली की तैनाती का अभियान 01 दिसंबर से शुरू होने की योजना है। यह मिशन अधिकतम सात महीने तक चल सकता है। इस दौरान स्वीडिश बल पोलैंड की सुरक्षा व्यवस्था के साथ मिलकर काम करेंगे और संभावित हवाई खतरों से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को बचाने में मदद करेंगे।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story