अल्बानिया में सरकार विरोधी छात्र प्रदर्शन हिंसक, प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अल्बानिया में सरकार विरोधी छात्र प्रदर्शन हिंसक, प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग


अल्बानिया में सरकार विरोधी छात्र प्रदर्शन हिंसक, प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग


तिराना, 28 नवंबर हि.स.)। अल्बानिया में सरकार विरोधी आंदोलन ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। राजधानी तिराना में प्रधानमंत्री एदी रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जुटे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने दंगा नियंत्रण पुलिस पर पत्थर और पेट्रोल बम फेंके। जवाब में पुलिस ने पानी की बौछार, आंसू गैस और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया।

सरकार में कथित भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, रोजगार के सीमित अवसर और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। अक्टूबर के मध्य में तिराना से शुरू हुआ यह आंदोलन अब देश के अन्य शहरों तक फैल चुका है। इससे पहले भी कई प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों और बैंकों में आगजनी की, दुकानों के शीशे तोड़े और सड़क से उखाड़े गए पत्थरों से पुलिस पर हमले किए।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, शनिवार को कुछ नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने एक सरकारी इमारत पर पत्थरबाजी की और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन में शामिल 45 वर्षीय इंजीनियर एराल्दा बाजे ने कहा कि भ्रष्टाचार, गरीबी और पलायन की समस्या अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। प्रदर्शनकारियों ने बेहतर जीवन और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग भी उठाई। एक बैनर पर लिखा था, 'अल्बानिया बिकाऊ नहीं है।'

प्रधानमंत्री रामा की सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार करते हुए प्रदर्शनकारियों से बातचीत की अपील की है। आंदोलन को शांत करने के लिए सरकार ने सस्ता ईंधन और गरीब परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने जैसे कदम उठाए हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story