लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के बेस पर हमले की स्पेन ने की निंदा

WhatsApp Channel Join Now

मैड्रिड, 04 जून (हि.स.)। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूनीफिल) के एक ठिकाने पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में बढ़ती हिंसा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए कार्यरत संयुक्त राष्ट्र कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अंतरराष्ट्रीय समुदाय की साझा जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री सांचेज ने कहा कि स्पेन उन सभी शांति सैनिकों और कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ा है, जो संयुक्त राष्ट्र के मिशन के तहत कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने हमले में घायल हुए कर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

स्पेन सरकार ने क्षेत्र में जारी सैन्य तनाव और हिंसक घटनाओं को चिंताजनक बताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया है। सांचेज ने कहा कि मौजूदा हालात में संघर्ष को और बढ़ाने वाले कदमों से बचना आवश्यक है तथा स्थापित युद्धविराम व्यवस्था का पूरी तरह सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि लेबनान और आसपास के क्षेत्र में स्थायी शांति केवल संवाद, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय समझौतों के पालन से ही संभव है। स्पेन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी क्षेत्र में शांति प्रयासों को मजबूत करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story