दक्षिण सूडान में विमान हादसे में 13 यात्री और पायलट की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नैरोबी/जुबा, 27 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा के पास सोमवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई। देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने इस हादसे की पुष्टि की।

प्राधिकरण के अनुसार, यह विमान सेसना 208 कैरावन था, जिसे सिटीलिंक एविएशन संचालित कर रही थी। विमान येई से उड़ान भरकर जुबा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में उससे संपर्क टूट गया।

जानकारी के मुताबिक, विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 9:15 बजे उड़ान भरी थी और करीब 9:43 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क समाप्त हो गया। विमान में 13 यात्री और एक पायलट सवार थे। मृतकों में 12 दक्षिण सूडानी नागरिक और दो केन्या के नागरिक शामिल थे।

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, खराब मौसम इस दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। विशेष रूप से कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) के कारण विमान को नेविगेशन में कठिनाई हुई हो सकती है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव दल को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया है, लेकिन किसी के जीवित बचने की संभावना नहीं है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story