उत्तर कोरिया के परमाणु मुद्दे का समाधान अलग तरीके से होना चाहिए : दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति
सियोल, 21 जून (हि.स.)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने कहा है कि उन्होंने जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तर कोरिया के परमाणु मुद्दे को अन्य अंतरराष्ट्रीय संकटों की तरह नहीं सुलझाया जा सकता। फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में उत्तर कोरिया का परमाणु कार्यक्रम प्रमुख मुद्दा रहा।
दक्षिण कोरिया की समाचार संवाद याेनहाॅप एजेंसी के अनुसार यूरोप की 10 दिवसीय यात्रा के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ली ने बताया कि ट्रंप ने अफसोस जताया कि उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार विकसित करने से पहले इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके जवाब में ली ने कहा कि कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति मध्य पूर्व जैसे अन्य क्षेत्रों से अलग है और इसके लिए विशेष रणनीति की आवश्यकता है।
ली ने ट्रंप के सामने चरणबद्ध समाधान का प्रस्ताव रखा, जिसके तहत पहले उत्तर कोरिया में परमाणु सामग्री के उत्पादन को रोका जाए और फिर मौजूदा परमाणु सामग्री को देश से बाहर भेजने जैसे कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक लक्ष्य पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण होना चाहिए, लेकिन उससे पहले व्यावहारिक और अल्पकालिक उपायों पर ध्यान देना जरूरी है।
राष्ट्रपति के अनुसार, ट्रंप ने इस प्रस्ताव को एक संभावित विकल्प बताया और कहा कि वह इस पर विचार करेंगे। ली ने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति उत्तर कोरिया के मुद्दे का स्थायी समाधान नहीं निकल पाने को लेकर चिंतित दिखाई दिए।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने दोहराया कि उनकी सरकार उत्तर कोरिया के साथ टूटे हुए संवाद को फिर से शुरू करने के प्रयास जारी रखेगी, हालांकि दोनों देशों के बीच तनाव लंबे समय तक बने रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया अपनी सुरक्षा के लिए अमेरिका को महत्वपूर्ण मानता है, इसलिए सियोल अमेरिका और प्योंगयांग के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगा।
यात्रा के दौरान ली ने वेटिकन में 14वें पोप लियो से भी मुलाकात की। उन्होंने पोप को अगले वर्ष दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाले वर्ल्ड यूथ डे कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया और उत्तर कोरिया तथा दोनों कोरिया के बीच स्थित डिमिलिटराइज्ड ज़ोन (डीएमजेड) का दौरा करने का अनुरोध किया।
ली के अनुसार, पोप ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि पोप को दक्षिण कोरिया और कोरियाई प्रायद्वीप में शांति स्थापना के प्रयासों में विशेष रुचि है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि बातचीत के दौरान पोप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह सैमसंग की घड़ी और मोबाइल फोन तथा हुंडई की कार का उपयोग करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

