बलूचिस्तान में छह अज्ञात शव मिलने से हड़कंप, लापता युवाओं से जुड़े होने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now


क्वेटा, 07 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों से छह अज्ञात शव मिलने के बाद इलाके में चिंता बढ़ गई। मानवाधिकार संगठन बलूच वॉइस फॉर जस्टिस (बीवीजे) ने आशंका जताई है कि इनमें कुछ ऐसे बलूच युवक भी हो सकते हैं, जिन्हें पहले कथित तौर पर जबरन लापता किया गया था।

संगठन के अनुसार, शवों पर कथित तौर पर यातना के निशान दिखाई दिए। बीवीजे का दावा है कि शवों को पुलिस अधिकारी अब्दुल रऊफ बलूच की निगरानी में कुछ समय बाद वहां से हटाया गया और अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें क्वेटा ले जाने तथा फिर वापस उसी स्थान पर छोड़ने की भी बात कही गई है।

इस बीच स्थानीय मीडिया के अनुसार, मस्तुंग के खड़कोचा इलाके में पाकिस्तानी बलों की ड्रोन कार्रवाई में एक बच्चे समेत कम से कम तीन लोग घायल हुए। रविवार को गैरो इलाके में हुए हमले के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मानवाधिकार संगठन ने बलूचिस्तान में नागरिकों के कथित जबरन गायब होने और हिरासत में यातना दिए जाने के आरोप लगाए हैं। उसने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से छह शवों की तत्काल एवं पारदर्शी जांच कराने, मृतकों की पहचान करने और यह पता लगाने की मांग की है कि क्या वे पहले लापता किए गए लोगों में शामिल थे।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story