ट्रैवल लाटरी के नाम पर ठगी के आरोप में हैदराबाद के ६ लोग काठमांडू से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैवल लाटरी के नाम पर ठगी के आरोप में हैदराबाद के ६ लोग काठमांडू से गिरफ्तार


काठमांडू, 19 मार्च (हि.स.)। ट्रैवल लाटरी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने 6 भारतीय और एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 'सीर्टल होलिडेज' नामक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से आम लोगों को यूरोप, एशिया, अफ्रीका सहित 175 देशों की यात्रा के लिए ट्रैवल लॉटरी लगने के बावत झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगे गए। इस तरह की ठगी में शामिल 7 लोगों को काठमांडू पुलिस की अपराध अनुसंधान कार्यालय की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वालों में नेपाल के सप्तरी जिले के कंचनरूप निवासी तथा वर्तमान में भक्तपुर के मध्यपुर ठिमी में रहने वाले 26 वर्षीय विवेक रेग्मी शामिल हैं।

नेपाल पुलिस के एसपी मनोहर प्रसाद भट्ट के अनुसार विवेक रेग्मी के नाम पर नेपाल में कंपनी रजिस्टर कर 328 लोगों से कुल 2 करोड़ 72 लाख 65 हजार रुपये की ठगी की गई। एसपी भट्टराई के मुताबिक अन्य 6 आरोपितों में भारत के हैदराबाद निवासी 39 वर्षीय हुसैन सैयद, 44 वर्षीय साजिद ओमर सैयद, 34 वर्षीय मोहम्मद इमरान, 33 वर्षीय मीर खालिद हुसैन, 40 वर्षीय रज्जाक मोहम्मद और 42 वर्षीय समादा गिरी हैं। पुलिस ने इनके पास से 7 लाख रुपये नकद, कंप्यूटर, विभिन्न दस्तावेज और स्टांप भी बरामद की है।

जांच में खुलासा हुआ है कि विवेक रेग्मी के नाम पर पिछले वर्ष दिसंबर महीने में ही कंपनी रजिस्टर कर कार्यालय स्थापित किया गया था। कंपनी के संचालन के लिए 30 नेपाली कर्मचारियों को रखा गया था। कर्मचारियों को बताया गया था कि कंपनी का मुख्य कार्यालय भारत के हैदराबाद में है। लॉटरी ऑफर में लोगों को शामिल करने के लिए भाटभटेनी, लबिम मॉल, सिविल मॉल जैसे स्थानों पर स्टॉल लगाकर फॉर्म भरवाए जाते थे। फॉर्म भरने वाले सभी लोगों को बाद में फोन कर बताया जाता था कि उनकी लॉटरी लग गई है और उन्हें कार्यालय बुलाया जाता था।

ऑफिस में आने वाले लोगों को 'हॉलिडे पैकेज' का ऑफर देकर उसी दिन अंतिम तारीख बताकर कंपनी के खाते में पैसे जमा करवाए जाते थे। भुगतान करने के बाद लोगों को यात्रा पर नहीं भेजा जाता था और पैसे वापस मांगने पर भी विभिन्न बहाने बनाकर रकम नहीं लौटाई जाती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story