बांग्लादेश में मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप, शेख हसीना ने सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now


ढाका, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश में बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों, तलाशी अभियानों, हिरासत में प्रताड़ना और कथित गैर-न्यायिक हत्याओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार पर मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में कानून के शासन, मौलिक अधिकारों और नागरिक सुरक्षा की स्थिति गंभीर हो गई है।

अवामी लीग के सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में हसीना ने कहा कि 1971 के मुक्ति संग्राम के जरिए पाकिस्तान से स्वतंत्रता हासिल करने वाला बांग्लादेश अब ऐसी स्थिति में पहुंच गया है, जहां कथित तौर पर दंडमुक्ति का माहौल बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश के विभिन्न हिस्सों में अज्ञात शव मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं और नदियों, नहरों तथा जलक्षेत्रों में सड़ते हुए शव मिलने की खबरें चिंताजनक हैं।

हसीना ने आरोप लगाया कि सरकार जन-असंतोष से आशंकित होकर सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चला रही है। उन्होंने विशेष रूप से गोपालगंज का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां की जा रही हैं। उनके दावे के मुताबिक, प्रतिदिन पांच से सात हजार लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और जेलों में क्षमता से अधिक कैदी होने की स्थिति बन गई है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने हिरासत में लिए गए लोगों और उनके परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा प्रताड़ना के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अवामी लीग का सदस्य होने के अधिकार से भी वंचित किया जा रहा है और पार्टी को देश के राजनीतिक परिदृश्य से समाप्त करने की कोशिश हो रही है।

हसीना ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण देश का आर्थिक संकट और गहरा रहा है। उन्होंने गैस, बिजली, ईंधन और उर्वरकों की कमी, निवेश में ठहराव, मिलों और कारखानों के बंद होने, बेरोजगारी बढ़ने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी का उल्लेख किया। उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने और लोगों को नौकरियों से हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन समस्याओं ने आम नागरिकों के बीच असुरक्षा और निराशा बढ़ाई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story