अटलांटिक महासागर में प्रवासी नौका हादसा, सात की मौत; 380 से अधिक का रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now

मैड्रिड, 02 नवंबर (हि.स.)। स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास अटलांटिक महासागर में प्रवासियों की नाव हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सोमवार को 380 से अधिक प्रवासियों को सुरक्षित बचाया गया। स्पेन की समुद्री बचाव सेवाओं ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, तटरक्षक बल ने सोमवार को लान्जारोटे द्वीप से करीब 150 किलोमीटर दूर एक नाव से 132 लोगों को बचाया। नाव पर दो लोगों के शव मिले। अधिकारियों ने बताया कि इसी यात्रा के दौरान पांच अन्य प्रवासियों की भी मौत हो गई थी और उनके शव समुद्र में फेंक दिए गए थे।

इससे पहले, सोमवार को तटरक्षक नौकाओं ने लान्जारोटे और एल हिएरो द्वीप के पास से करीब 250 अन्य प्रवासियों को सुरक्षित निकाला। वहीं, रविवार को एल हिएरो के तट से 107 प्रवासियों को बचाया गया था।

कैनरी द्वीप समूह के राष्ट्रपति फर्नांडो क्लाविहो ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अटलांटिक मार्ग एक बार फिर लोगों की जान ले रहा है। उन्होंने कहा कि हर मृतक के पीछे एक जिंदगी, एक कहानी और एक परिवार है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story