सऊदी अरब की गगनचुंबी इमारत पर फिर हमला, गठबंधन ने बताया आतंकवादी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now


रियाद, 24 नवंबर (हि.स.)। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित देश की सबसे ऊंची इमारत पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) टावर को मंगलवार को एक बार फिर निशाना बनाया गया। बीते दिनों में इस इमारत पर यह दूसरा हमला है। यमन के हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे गठबंधन ने घटना को ‘कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला’ करार दिया है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, तीन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 80 मंजिला पीआईएफ टावर पर हमला हुआ। यह इमारत किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित है और इसमें सऊदी अरब का संप्रभु संपत्ति कोष का मुख्यालय है। इससे पहले 19 नवंबर को भी इस इमारत को निशाना बनाया गया था।

गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वित्तीय केंद्र की एक इमारत पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला किया गया है। उन्होंने हालांकि इमारत का नाम नहीं बताया। उनके मुताबिक, संबंधित अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बाद पुलिस ने वित्तीय जिले के कुछ प्रवेश मार्गों को बंद कर दिया। इलाके में लगे एक लाउडस्पीकर वाले वाहन के जरिये लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी भी दी गई। हालांकि, राजधानी में किसी संभावित खतरे को लेकर मोबाइल फोन पर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था।

वित्तीय जिले के एक रेस्तरां में काम करने वाले कर्मचारी ने मीडिया को बताया कि इमारत पर हमले की सूचना मिलने के बाद वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। सड़कों को बंद कर दिया गया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782698 Articles

Share this story