सऊदी अरब ने तेल प्रतिष्ठानों पर ड्रोन हमले की कोशिश नाकाम की, इराक सीमा से लॉन्च होने का दावा

WhatsApp Channel Join Now
सऊदी अरब ने तेल प्रतिष्ठानों पर ड्रोन हमले की कोशिश नाकाम की, इराक सीमा से लॉन्च होने का दावा


सऊदी अरब ने तेल प्रतिष्ठानों पर ड्रोन हमले की कोशिश नाकाम की, इराक सीमा से लॉन्च होने का दावा


रियाद, 27 जुलाई (हि.स.)। सऊदी अरब ने सोमवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने इराक की सीमा से भेजे गए कई ड्रोन को मार गिराया, जो देश के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सभी ड्रोन को पूर्वी प्रांत और रियाद क्षेत्र में स्थित पेट्रोलियम ठिकानों तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया गया।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार ये ड्रोन इराक की सीमा से लॉन्च किए गए थे और इस हमले के पीछे ईरान समर्थित आतंकवादी मिलिशिया का हाथ होने का आरोप लगाया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब को अपनी सीमाओं, नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा का पूरा अधिकार है तथा वह उचित समय और स्थान पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

वहीं, सऊदी विदेश मंत्रालय ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। मंत्रालय ने इराकी सरकार से आग्रह किया कि वह यह सुनिश्चित करे कि उसकी सीमा का इस्तेमाल सऊदी अरब के खिलाफ हमलों के लिए न किया जाए।

हालांकि, इस मामले पर इराक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच प्रत्यक्ष सैन्य तनाव में कुछ कमी देखने को मिली है। ईरान के एक सैन्य प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि अमेरिका द्वारा पिछले दो दिनों से हमले नहीं किए जाने के बाद तेहरान ने भी अपने सैन्य अभियान रोक दिए हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगभग दो सप्ताह तक लगातार सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान पर आगे हमले रोकने के निर्देश दिए हैं। हाल के सप्ताहों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के हितों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story