सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और आठ घायल

WhatsApp Channel Join Now
सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और आठ घायल


रियाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार देर रात हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। सऊदी अरब के नागरिक विमानन प्राधिकरण (जीएसीए) ने इसकी पुष्टि की है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू ने प्राधिकरण के हवाले से बताया कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ को मामूली, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। हमले में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी बाद में साझा की जाएगी। हालांकि, हमले की प्रकृति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इससे पहले बुधवार को सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि पूर्वी प्रांत के शायबाह तेल क्षेत्र में सऊदी अरामको की एक सुविधा को निशाना बनाकर भेजे गए ड्रोन को वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया।

मंत्रालय के मुताबिक, ड्रोन का मलबा गिरने से एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हालांकि, तेल क्षेत्र में परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने भी बुधवार को दावा किया कि उसने देश की ओर भेजे गए पांच ड्रोनों को रोककर नष्ट कर दिया। इनमें पूर्वी प्रांत और मदीना क्षेत्र की ओर भेजे गए ड्रोन शामिल थे।

इससे पहले 11 अक्टूबर को भी किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला हुआ था। उस घटना के बाद अधिकारियों ने नुकसान का आकलन करने के साथ सुरक्षा जांच भी की थी। ये घटनाएं यमन के हूथी समूह और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई हैं। इस दौरान सऊदी अरब के हवाई अड्डों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर कई हमले किए जाने की खबरें सामने आई हैं।

दम्माम हवाई अड्डे पर हुए ताजा हमले के बाद अधिकारी नुकसान का आकलन करने और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच में जुटे हैं। फिलहाल, हमले के पीछे किसका हाथ है और इसे किस तरीके से अंजाम दिया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764694 Articles

Share this story