रोम स्थित रूसी दूतावास ने मॉस्को में हुए इतालवी रेस्तरां बम विस्फोट के लिए यूक्रेन को दोषी ठहराया
मॉस्को, 03 अगस्त (हि.स.)। मॉस्को के प्रसिद्ध बाल्जी रोसी रेस्तरां में हुए घातक विस्फोट को लेकर रूस ने यूक्रेन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इटली की राजधानी रोम स्थित रूसी दूतावास ने सोमवार को दावा किया कि यह हमला यूक्रेन की ओर से रूस में रह रहे इटली समुदाय को डराने-धमकाने की कोशिश था।
दूतावास ने एक बयान में कहा कि कीव के आतंकवादी रूस में काम कर रहे इटालियनों को यह संदेश देना चाहते थे कि वे भी निशाने पर हैं और अगला शिकार बन सकते हैं।
रूसी दूतावास के अनुसार, बीती रात हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हुई और 19 अन्य घायल हुए। बयान में कहा गया कि रेस्तरां के इतालवी शेफ और उनका स्टाफ एक रूसी सुरक्षा गार्ड की सतर्कता और साहस के कारण सुरक्षित बच गए।
हालांकि, यूक्रेन की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इससे पहले रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी समिति ने शुरुआती जानकारी में बताया था कि विस्फोट में तीन लोगों की मौत हुई थी, जिनमें विस्फोटक लेकर रेस्तरां पहुंची एक महिला, उसे रोकने वाला सुरक्षा गार्ड और एक ग्राहक शामिल था। समिति के अनुसार, विस्फोट रेस्तरां के प्रवेश द्वार के पास हुआ, जिसमें 21 लोग घायल हुए। हालांकि, उसने हमले के पीछे जिम्मेदार संगठन या संभावित लक्ष्य का खुलासा नहीं किया।
रूसी दैनिक समाचार पत्र 'कोमर्सांत' की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोटक एक उपहार के डिब्बे में छिपाकर रखा गया था और संभवतः उसे दूर से विस्फोटित किया गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विस्फोटक लेकर पहुंची महिला को उसके भीतर मौजूद सामग्री की जानकारी नहीं थी। अखबार के अनुसार, बम में लगभग एक किलोग्राम विस्फोटक और अधिक क्षति पहुंचाने के लिए धातु की गोलियां भरी गई थीं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

