रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों से यूक्रेन में तबाही, छह लोगों की मौत, कई घायल

WhatsApp Channel Join Now

कीव, 11 जुलाई (हि.स.)। रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिनमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। राजधानी कीव सहित कई शहरों को निशाना बनाया गया, जहां आवासीय इमारतों, कार्यालयों और अन्य नागरिक ढांचों को नुकसान पहुंचा है।

कीव के मेयर के अनुसार, राजधानी पर हुए मिसाइल हमले में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, तड़के लगातार दो बार जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं और इसके तुरंत बाद पूरे शहर में हवाई हमले का सायरन बज उठा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने रातभर में 120 से अधिक ड्रोन और 12 मिसाइलें दागीं, जिनमें आधी बैलिस्टिक मिसाइलें थीं। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने अधिकांश ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक पाना संभव नहीं हो सका।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर राहत एवं बचाव कार्यों के वीडियो साझा करते हुए कहा कि कई स्थानों पर नागरिक बुनियादी ढांचे को हवाई हमले की चेतावनी जारी होने से पहले ही निशाना बनाया गया। राजधानी कीव में अपार्टमेंट, कार्यालय और एक धार्मिक शिक्षण संस्थान को नुकसान पहुंचा है, जबकि अन्य प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने और राहत कार्य जारी हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story