यूक्रेन में रूसी हमलों में छह लोगों की मौत, कई घायल
कीव, 12 सितंबर (हि.स.)। यूक्रेन के कई क्षेत्रों में शनिवार को रूसी हवाई हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, हमलों में आवासीय इमारतों के साथ-साथ ऊर्जा एवं अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।
झितोमिर क्षेत्र के गवर्नर विताली बुनेचको ने बताया कि ज्व्याहेल शहर में एक किराना दुकान पर हुए रूसी हमले में दो लोगों की मौत हुई। हमले में दो पेट्रोल पंप और विदेशी निवेश वाली एक कंपनी के प्रतिष्ठान को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।
दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में दो लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, क्रिवी रिह में रातभर ड्रोन और मिसाइल हमलों में दो लोगों की जान चली गई।
ओडेसा क्षेत्र के गवर्नर ओलेह किपर ने बताया कि रातभर हुए हमलों में एक शिशु समेत 37 लोग घायल हुए हैं, जबकि दो लोग लापता हैं।
इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन के जापोरिज्जिया में जापोरिज्जस्ताल स्टील संयंत्र, निप्रो में इंटरपाइप स्टील परिसर और क्रिवी रिह के कई औद्योगिक संयंत्रों पर हमला किया। मंत्रालय ने ओडेसा और चोर्नोमोर्स्क बंदरगाहों के पास मालवाहक जहाजों को निशाना बनाने का भी दावा किया।
दूसरी ओर, यूक्रेनी सेना ने रूस के समारा क्षेत्र के तोग्लियाती में सिंथेटिक रबर बनाने वाले एक बड़े संयंत्र को निशाना बनाने की बात कही। हमले के बाद वहां आग लगने की सूचना है। रूस ने भी समारा क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों की पुष्टि की।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

