रूस से यूक्रेन की रक्षा को रखे चार करोड़ डॉलर का गबन, पांच पर आरोप

WhatsApp Channel Join Now


कीव, 29 जनवरी (हि.स.)। रूस से लड़ने के लिए 100,000 मोर्टार गोले खरीदने के लिए रखे लगभग चार करोड़ डॉलर का गबन यूक्रेनी हथियार कंपनी के कर्मचारियों ने कर लिया। यह जानकारी यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने दी है। पांच लोगों पर शनिवार देर रात इसका आरोप लगा है।

वहीं, एक व्यक्ति को यूक्रेनी सीमा पार करने की कोशिश करते समय हिरासत में लिया गया। दोषी पाए जाने पर उन्हें 12 साल तक की जेल हो सकती है। यह जांच तब हो रही है, जब कीव यूरोपीय संघ और नाटो में अपनी सदस्यता में तेजी लाने के लिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का प्रयास कर रहा है।

दोनों गुटों के अधिकारियों ने यूक्रेन के उनके साथ जुड़ने से पहले व्यापक भ्रष्टाचार विरोधी सुधारों की मांग की है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा जांच अगस्त 2022 की है, जब अधिकारियों ने हथियार फर्म लविव आर्सेनल के साथ 1.5 अरब रिव्निया (39.6 मिलियन डॉलर) के तोपखाने के गोले के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे।

भुगतान के बाद कंपनी कर्मचारियों को धन को विदेश में स्थानांतरित करना था, जो बाद में यूक्रेन को गोला बारूद उपलब्ध कराते। जांचकर्ताओं ने कहा कि यह गोला बारूद कभी भेजे नहीं गए और पैसे यूक्रेन और बाल्कन में विभिन्न खातों में ट्रांसफर हो गए। यूक्रेन के अभियोजक जनरल का कहना है कि धनराशि जब्त कर ली गई है और इसे देश के रक्षा बजट में वापस कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजीत तिवारी/प्रभात

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story