यूक्रेन का समर्थन जारी रहने तक ईयू के साथ रचनात्मक बातचीत असंभव : रूसी विदेश मंत्रालय

WhatsApp Channel Join Now
यूक्रेन का समर्थन जारी रहने तक ईयू के साथ रचनात्मक बातचीत असंभव : रूसी विदेश मंत्रालय


मॉस्को, 26 अगस्त (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूसी विदेश मंत्रालय के सर्वोच्च राजनयिक अलेक्जेंडर ट्रोफिमोव ने कहा है कि जब तक यूरोपीय देश यूक्रेन और कीव का समर्थन करते रहेंगे, तब तक रूस और यूरोप के बीच रचनात्मक बातचीत संभव नहीं है।

रूसी समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती से बातचीत में अलेक्जेंडर ट्रोफिमोव ने पश्चिमी देशों पर रूस के खिलाफ आक्रामक और अनुचित कदम उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम का उद्देश्य रूस को रणनीतिक हार देना है।

उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों का मौजूदा लक्ष्य यूक्रेन की सरकार को समर्थन देना, रूस पर सैन्य दबाव बनाए रखना और इस दौरान अपनी सैन्य-औद्योगिक क्षमता को मजबूत करना है। ट्रोफिमोव के मुताबिक, जब तक यूरोपीय देशों का यह रुख कायम रहता है, तब तक किसी रचनात्मक मुद्दे पर बातचीत मुश्किल है।

रूसी राजनयिक ने कहा कि मॉस्को के पास पश्चिमी यूरेशिया के बाहर भी कई सहयोगी और साझेदार हैं। रूस उनके साथ समानता और अविभाज्यता के सिद्धांतों के आधार पर यूरेशिया में एक व्यापक सुरक्षा ढांचा विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

ट्रोफिमोव का यह बयान रूस और यूरोपीय देशों के बीच यूक्रेन संघर्ष को लेकर जारी मतभेदों के बीच आया है। रूस लगातार पश्चिमी देशों की सैन्य और राजनीतिक मदद की आलोचना करता रहा है, जबकि यूरोपीय देश यूक्रेन के समर्थन को उसकी सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए जरूरी बताते हैं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story