रूस का दावा : रातभर में यूक्रेन के 1,246 ड्रोन मार गिराए, हथियार ले जा रहे 4 रेलवे इंजन भी निशाने पर
मॉस्को, 28 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में हवाई हमलों का सिलसिला तेज हो गया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर चले अभियान के दौरान देश के विभिन्न इलाकों में यूक्रेन के 1,246 ड्रोन को नष्ट कर दिया। इसके अलावा रूसी सेना ने यूक्रेन के तीन क्षेत्रों में हथियार और सैन्य उपकरण ले जा रहे चार रेलवे इंजनों को भी निशाना बनाया।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि बीती रात वायु रक्षा बलों ने यूक्रेन के 1,246 फिक्स्ड-विंग मानवरहित हवाई वाहनों (ड्रोन) को रोककर नष्ट किया। ये ड्रोन ब्रियांस्क, बेलगोरोद, कुर्स्क, ओरियोल, स्मोलेंस्क, वोरोनिश, कलुगा, तुला, रोस्तोव, वोल्गोग्राद, सारातोव और समारा क्षेत्रों के ऊपर मार गिराए गए। इसके अलावा क्रास्नोडार क्षेत्र, मॉस्को क्षेत्र, क्रीमिया और बशकिरिया में भी ड्रोन नष्ट किए जाने का दावा किया गया है।
इस बीच रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक अन्य बयान में बताया कि उसकी सेना ने रातभर की कार्रवाई के दौरान यूक्रेन के चार रेलवे इंजनों को निशाना बनाया। मंत्रालय के मुताबिक, इन इंजनों का इस्तेमाल हथियारों और सैन्य उपकरणों के परिवहन के लिए किया जा रहा था। रूसी सेना ने निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र के सिनेलनिकोवो, झितोमिर क्षेत्र के कोरोस्तेन और खार्कोव क्षेत्र के ल्युबोटिन में ये हमले किए।
रूस का दावा है कि इन स्थानों पर सैन्य सामान की आवाजाही में इस्तेमाल होने वाले चार रेलवे इंजनों को निशाना बनाया गया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

