यूक्रेन में शांति प्रयासों को लेकर रूस और अमेरिका के संपर्क में तुर्की

WhatsApp Channel Join Now
यूक्रेन में शांति प्रयासों को लेकर रूस और अमेरिका के संपर्क में तुर्की


अंकारा, 02 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच तुर्की ने अमेरिका, रूस और यूक्रेन के साथ अपना संपर्क और समन्वय बनाए रखा है। तुर्की सरकार के एक सूत्र के अनुसार, अंकारा यूक्रेन संकट के समाधान के लिए अमेरिका की ओर से की जा रही शांति पहलों से जुड़ी जानकारी लगातार प्राप्त कर रहा है और इस संबंध में वाशिंगटन तथा मॉस्को के साथ सीधे संपर्क में है।

रूस की समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती ने सूत्र के हवाले से बताया कि तुर्की अमेरिकी शांति पहलों से संबंधित घटनाक्रम पर नजर रख रहा है। अंकारा इस मुद्दे पर सभी संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रहा है और संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से की जा रही कूटनीतिक कोशिशों के संबंध में जानकारी साझा कर रहा है। सूत्र ने बताया कि तुर्की वाशिंगटन, मॉस्को और कीव के साथ सीधे संपर्क में है तथा यूक्रेन संघर्ष के समाधान को लेकर चल रही चर्चाओं में सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।

इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 21 अक्टूबर को अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकोफ के साथ हुई बैठक में यूक्रेन मुद्दे पर त्रिपक्षीय वार्ता फिर से शुरू करने की मॉस्को की तत्परता दोहराई थी।

क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव के अनुसार, प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता नवंबर के मध्य के आसपास संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में आयोजित हो सकती है।

यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए रूस, अमेरिका और अन्य संबंधित देशों के बीच कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। ऐसे में तुर्की की सक्रिय भागीदारी को विभिन्न पक्षों के बीच संवाद बनाए रखने और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770871 Articles

Share this story