रूस ने लेनिनग्राद क्षेत्र में यूक्रेन के 72 ड्रोन मार गिराने का किया दावा

WhatsApp Channel Join Now

सेंट पीटर्सबर्ग, 04 जुलाई (हि.स.)। रूस के लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोज़्देंको ने शनिवार को कहा कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने क्षेत्र में यूक्रेन के 72 ड्रोन मार गिराए।

गवर्नर के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हमले में कोई हताहत या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि लेनिनग्राद क्षेत्र पर किए गए इस बड़े ड्रोन हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया है और अब हवाई हमले की चेतावनी (एयर रेड अलर्ट) समाप्त कर दी गई है।

द्रोज़्देंको ने बताया कि मार गिराए गए ड्रोन का मलबा विसोत्स्क बंदरगाह के पास मिला है। यह तेल टर्मिनल सेंट पीटर्सबर्ग से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।

उधर, सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने भी सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यूक्रेनी ड्रोन ने शहर के कीरोव्स्की जिले स्थित एक तेल टर्मिनल को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी औद्योगिक या तकनीकी गतिविधि पर कोई प्रभाव पड़ा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story