रूस का दावा: यूक्रेन के ओडेसा और चोर्नोमोर्स्क बंदरगाहों पर किए हमले
मॉस्को, 22 जुलाई (हि.स.)। रूस ने बुधवार को दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन के प्रमुख बंदरगाह शहर ओडेसा और चोर्नोमोर्स्क में सैन्य उपयोग से जुड़े ठिकानों और जहाजों पर सटीक हमले किए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य यूक्रेन की सैन्य आपूर्ति व्यवस्था को कमजोर करना था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा कि चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर माल उतार रहे एक मालवाहक जहाज, सैन्य सामग्री के भंडारण केंद्र तथा ईंधन और स्नेहक (फ्यूल एंड लुब्रिकेंट) भंडारण टैंकों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय का दावा है कि इन ठिकानों का उपयोग यूक्रेनी सेना की रसद आवश्यकताओं के लिए किया जा रहा था।
रूस ने यह भी कहा कि ओडेसा बंदरगाह पर माल लोडिंग और भंडारण सुविधाओं के साथ-साथ दो मालवाहक जहाजों को भी निशाना बनाया गया, जिनके बारे में उसका दावा है कि वे यूक्रेनी सेना के लिए सामान लेकर पहुंचे थे। इसके अलावा, रूसी ड्रोन हमलों में यूक्रेनी ड्रोन रखने वाले तीन गोदामों को भी क्षति पहुंचाने का दावा किया गया है।
रूस-यूक्रेन युद्ध के साढ़े चार वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी काला सागर और आज़ोव सागर क्षेत्र दोनों देशों के बीच संघर्ष का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हाल के महीनों में दोनों पक्ष समुद्री मार्गों, बंदरगाहों और मालवाहक जहाजों पर हमलों की रणनीति तेज कर चुके हैं, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक व्यापारिक आपूर्ति श्रृंखला पर भी असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

