रूसः शोइगु की जगह आंद्रेई बेलोसाउ नए रक्षा मंत्री बनाए गए

WhatsApp Channel Join Now

मॉस्को, 13 मई (हि.स.)। रूस-यूक्रेन सैन्य संघर्ष के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सर्गेई शोइगु को देश के रक्षा मंत्री के पद से हटा दिया है। उनकी जगह आंद्रेई बेलोसाउ को देश का नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है।

क्रेमलिन की तरफ से जारी की गई जानकारी के मुताबिक सर्गेई शोइगु के स्थान पर आंद्रेई बेलोसाउ को देश का नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है। दरअसल, राष्ट्रपति चाहते हैं कि 2012 से रक्षामंत्री और लंबे समय से पुतिन के सहयोगी रहे सर्गेई शोइगु निवर्तमान निकोलाई पेत्रुशेव की जगह रूस की शक्तिशाली सुरक्षा परिषद् के सचिव बनें और मिलिट्री-इंडस्ट्रीयल कॉम्प्लेक्स की जिम्मेदारी भी संभालें। जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव और देश के अनुभवी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव अपने पद पर बने रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि 65 वर्षीय आंद्रेई बेलोसाउ पूर्व उप प्रधानमंत्री रह चुके हैं। वे आर्थिक मुद्दों पर राष्ट्रपति पुतिन के सहायक, रूसी फेडरेशन के आर्थिक विकास मंत्री, रूसी सरकार के अर्थशास्त्र एवं वित्त विभाग के निदेशक के तौर पर काम कर चुके हैं।

जबकि 68 वर्षीय सर्गेई शोइगु को पुतिन का करीबी समझा जाता है। वे बिना किसी सैन्य अनुभव के 2012 से रक्षा मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे थे। पेशे से सिविल इंजीनियर शोइगु को 1990 में आपातकालीन और आपदा राहत मंत्रालय का हेड चुना गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ संजीव

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story