रूस का यूक्रेन के 9 शहरों पर भीषण हमला, मिसाइल और ड्रोन हमलों में दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now

कीव, 27 अगस्त (हि.स.)। रूस ने बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक यूक्रेन के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। राजधानी कीव समेत नौ शहरों को निशाना बनाए जाने की खबर है। सुबह तक कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों को बड़े पैमाने की सैन्य कार्रवाई बताया और दावा किया कि उसके निशाने पर युद्ध से जुड़े ठिकाने थे। मंत्रालय के मुताबिक, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, तेल रिफाइनरियों, लॉजिस्टिक्स केंद्रों और बंदरगाह से जुड़े ढांचे को निशाना बनाया गया।

हालांकि, यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि हमलों की चपेट में रिहायशी इलाके भी आए और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। दक्षिणी जापोरिज्जिया क्षेत्र में 78 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उत्तरी खार्कीव क्षेत्र में भी एक व्यक्ति के मारे जाने की सूचना है। अन्य इलाकों में कम से कम 14 लोगों के घायल होने की खबर है।

रूस के लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच यूक्रेन की वायु रक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है। यूक्रेन लंबे समय से अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलों की कमी का मुद्दा उठा रहा है, जिन्हें रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में अहम माना जाता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story