क्यूबा रूस का रणनीतिक साझेदार, जारी रहेगा समर्थनः मॉस्को

WhatsApp Channel Join Now
क्यूबा रूस का रणनीतिक साझेदार, जारी रहेगा समर्थनः मॉस्को


सेंट पीटर्सबर्ग, 02 अप्रैल (हि.स.)। रूस ने एक बार फिर क्यूबा के साथ अपने मजबूत संबंधों को दोहराते हुए उसे रणनीतिक साझेदार बताया है। रूस ने स्पष्ट किया कि मॉस्को क्यूबा को हरसंभव समर्थन देता रहेगा, खासकर ऐसे समय में जब देश ऊर्जा संकट से जूझ रहा है।

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय परिवहन और लॉजिस्टिक्स फोरम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए रूस के परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन ने कहा कि क्यूबा, रूस का रणनीतिक साझेदार है और इस देश को दिया जाने वाला समर्थन जारी रहेगा।

परिवहन मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि रूस अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून का पालन करते हुए काम करता है। उन्हाेंने कहा कि हमारे जहाज रूसी झंडे के नीचे चलते हैं और क्यूबा तक मानवीय सहायता सामग्री पहुंचाई गई है। जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं हो सकता। यह वैश्विक अर्थव्यवस्था का बुनियादी सिद्धांत है।

इससे पहले, रूसी परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन ने बताया था कि रूसी टैंकर 'अनातोली कोलोदकिन', जिसमें एक लाख टन तेल की मानवीय सहायता सामग्री लदी थी, उसे क्यूबा पहुंचाया गया है।

हवाना में ईंधन की स्थिति तब और बिगड़ गई, जब 3 जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए सैन्य अभियान चलाया। वेनेजुएला, क्यूबा को तेल निर्यात करने वाले मुख्य देशों में से एक रहा है। 29 जनवरी को अमेरिका में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत वाशिंगटन उन देशों से आने वाले सामानों पर शुल्क लगा सकता है, जो क्यूबा को तेल की आपूर्ति करते हैं। इससे पहले यह भी बताया गया था कि अमेरिका, रूस और अन्य देशों द्वारा क्यूबा को समय-समय पर की जाने वाली मानवीय तेल आपूर्ति पर कोई आपत्ति नहीं जताता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story