रूस-यूक्रेन शांति वार्ता में समझौते की उम्मीद, क्षेत्रीय अदला-बदली से मॉस्को का इनकार

WhatsApp Channel Join Now

मॉस्को, 11 नवंबर (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए जारी शांति वार्ता में प्रगति की उम्मीद जताते हुए रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेदिंस्की ने कहा है कि दोनों देश समझौते के करीब पहुंच रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शांति समझौते के तहत रूस और यूक्रेन के बीच क्षेत्रों की अदला-बदली की कोई संभावना नहीं है।

संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में अमेरिका और यूक्रेन के साथ हुई बातचीत में रूस का प्रतिनिधित्व कर रहे मेदिंस्की ने रूसी मीडिया से बातचीत में कहा कि शांति समझौते की दिशा में प्रगति संभव है। उनके मुताबिक, इसका काफी कुछ दारोमदार यूक्रेन, अमेरिका के रुख और यूरोप के रवैये पर निर्भर करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि रूस ने जो लक्ष्य तय किए हैं, उन्हें हासिल किया जाएगा।

मेदिंस्की ने बताया कि वार्ता के दौरान कई मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच आपसी समझ बनी है। उन्होंने संकेत दिया कि आगे भी बातचीत जारी रखने और बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली करने पर सहमति बनी है।

क्षेत्रों की अदला-बदली की संभावना नहीं

क्षेत्रीय विवाद पर रूसी रुख स्पष्ट करते हुए मेदिंस्की ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जमीन की अदला-बदली का कोई रास्ता नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा समय-समय पर विभिन्न पक्षों की ओर से उठाया जाता रहा है, लेकिन रूस की नीति में बदलाव की संभावना नहीं है।

मेदिंस्की ने अगस्त 2024 में यूक्रेनी सेना की रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ का हवाला देते हुए कहा कि इसके बाद रूसी राष्ट्रपति ने सीमा पर सुरक्षा क्षेत्र बनाने का फैसला किया था। उनके अनुसार, यह क्षेत्र अब काफी बड़ा हो चुका है और इसका विस्तार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इन क्षेत्रों की अदला-बदली संभव नहीं है।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में यूक्रेनी सेना ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में सीमा पार अभियान चलाकर कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने उस समय कहा था कि इस अभियान का उद्देश्य रूस की ओर से यूक्रेन के सूमी क्षेत्र में होने वाले हमलों से सीमावर्ती आबादी की सुरक्षा के लिए बफर जोन बनाना था। इस अभियान को भविष्य की शांति वार्ताओं में यूक्रेन की सौदेबाजी की स्थिति मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा गया था।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775579 Articles

Share this story