रुबियो और वेंस ने लेबनानी राष्ट्रपति से की बातचीत, संघर्षविराम पर जोर

WhatsApp Channel Join Now

बेरूत/वॉशिंगटन, 23 जून (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में बढ़ते तनाव और हालिया हिंसक घटनाओं के बीच अमेरिका और लेबनान के बीच उच्चस्तरीय कूटनीतिक संपर्क तेज हो गए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार को लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन से टेलीफोन पर बातचीत कर संघर्षविराम व्यवस्था और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की।

लेबनानी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार बातचीत के दौरान संघर्षविराम की निगरानी के लिए एक विशेष तंत्र या निगरानी निकाय के गठन पर विचार-विमर्श हुआ। बताया गया कि इस संबंध में विभिन्न प्रस्तावों एवं व्यवस्थाओं पर अध्ययन किया जा रहा है ताकि युद्धविराम को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब दक्षिणी लेबनान में हुई एक घटना में दो लोगों की मौत के बाद तनाव फिर बढ़ गया है। हिज्बुल्लाह ने आरोप लगाया है कि इजराइली कार्रवाई संघर्षविराम का उल्लंघन है, जबकि इजराइली सेना का कहना है कि उसने उन लोगों को निशाना बनाया जो उसके सैनिकों के लिए तत्काल खतरा पैदा कर रहे थे।

इस बीच वॉशिंगटन में लेबनान और इजराइल के बीच वार्ता का एक और दौर शुरू हुआ है। लेबनानी अधिकारियों का कहना है कि दोनों देशों के बीच सीधे संवाद ही स्थायी समाधान और संघर्ष समाप्ति का रास्ता तैयार कर सकते हैं।

राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने एक बार फिर कहा है कि लेबनान दक्षिणी क्षेत्रों में विदेशी सैन्य उपस्थिति समाप्त करने और क्षेत्रीय संप्रभुता की बहाली को प्राथमिकता देता है। उन्होंने संकेत दिया कि स्थायी शांति के लिए सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय समझौतों और संघर्षविराम व्यवस्थाओं का सम्मान करना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story