रोमानिया में स्कूलों में हिंसा की दो घटनाएं, राष्ट्रपति ने सुरक्षा उपायों की मांग की

WhatsApp Channel Join Now

बुखारेस्ट, 22 अक्टूबर (हि.स.)। रोमानिया में एक सप्ताह से भी कम समय के भीतर स्कूलों में हिंसा की दो घटनाओं के बाद राष्ट्रपति निकुशोर दान ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने कक्षाओं के साथ-साथ इंटरनेट पर भी नाबालिगों की सुरक्षा मजबूत करने और शिक्षकों को ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए तैयार करने पर जोर दिया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को मध्य रोमानिया के पितेश्ती शहर में एक हाई स्कूल के बाथरूम में 15 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर अपने दो सहपाठियों पर माचेते से हमला कर दिया। इस घटना से कुछ दिन पहले सोमवार को 13 वर्षीय एक छात्र ने चाकू से हमला कर एक शिक्षक और दूसरे छात्र को घायल कर दिया था।

राष्ट्रपति दान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर दोनों घटनाओं को गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि इन्हें अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने सुरक्षित स्कूलों, प्रशिक्षित शिक्षकों और बच्चों के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्श की बेहतर उपलब्धता की जरूरत बताई। साथ ही, इंटरनेट के इस्तेमाल के दौरान नाबालिगों की सुरक्षा के लिए ठोस उपाय करने की अपील की।

रोमानिया की नवनियुक्त सरकार शुक्रवार को स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उपायों पर चर्चा के लिए बैठक करेगी। इसमें बच्चों को हिंसा से बचाने और स्कूलों में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने से जुड़े कदमों पर विचार किए जाने की उम्मीद है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765240 Articles

Share this story