दक्षिण अफ्रीका में भीषण सड़क हादसा, 21 लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दक्षिण अफ्रीका में भीषण सड़क हादसा, 21 लोगों की मौत


केप टाउन, 14 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में हुए एक सड़क हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। हादसा लीउ-गामका और प्रिंस अल्बर्ट के बीच हाईवे पर हुआ, जहां दो मिनीबस टैक्सी और एक एसयूवी की टक्कर हो गई।

बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संगबाद संस्था (बीएसएस) और स्थानीय मीडिया के अनुसार, रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉरपोरेशन (आरटीएमसी) ने बताया कि रविवार की रात हुए हादसे में 21 लोगों को जानलेवा चोटें आईं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब 9:30 बजे हुई, जिसके बाद हाईवे को बंद करना पड़ा।

पुलिस ने हादसे के संबंध में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कई अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह दुर्घटना केप टाउन से करीब 380 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हुई। दक्षिण अफ्रीका में विकसित सड़क नेटवर्क होने के बावजूद सड़क हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत होती है। तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, खराब हालत वाले वाहन और सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

आरटीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में दक्षिण अफ्रीका में सड़क दुर्घटनाओं में 11,485 लोगों की मौत हुई थी। यह संख्या 2024 की तुलना में पांच प्रतिशत से भी कम घटी थी। मृतकों में सबसे अधिक संख्या पैदल यात्रियों की थी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story