यूरोप में रिकॉर्ड तोड़ हीटवेव, फ्रांस-जर्मनी और बेल्जियम में रेड अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

पेरिस/ब्रसेल्स, 22 जून (हि.स.)। पश्चिमी यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी और अन्य देशों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई स्थानों पर यह 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की चेतावनी दी है।

फ्रांस में गर्मी को देखते हुए देश के कई क्षेत्रों में उच्च स्तरीय चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लाखों लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने और भारी शारीरिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, देश के पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। कई प्रमुख शहरों में दिन और रात दोनों समय असामान्य रूप से अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना व्यक्त की गई है।

भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। फ्रांस में सैकड़ों स्कूलों को बंद करना पड़ा है, जबकि अनेक शैक्षणिक संस्थानों ने समय से पहले छुट्टी देने का निर्णय लिया है। रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है और कुछ क्षेत्रों में ट्रेनों का संचालन सीमित किया गया है।

जर्मनी में तेज गर्मी और खराब मौसम के कारण कुछ खेल आयोजनों को स्थगित करना पड़ा। राजधानी बर्लिन में तापमान बढ़ने के साथ-साथ आंधी और तूफान की स्थिति भी बनी रही, जिससे आयोजकों को सुरक्षा कारणों से कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा।

बेल्जियम में भी तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में रिकॉर्ड स्तर की गर्मी देखने को मिल सकती है। अत्यधिक तापमान के कारण परिवहन सेवाओं पर भी दबाव बढ़ा है और कुछ रेल सेवाओं को एहतियातन रद्द किया गया है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story