होर्मुज की सुरक्षा पर कतर सख्त, फ्रांस-ब्रिटेन की आपात बैठक से समाधान की कोशिश

WhatsApp Channel Join Now

दोहा/पेरिस/लंदन, 14 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कतर ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कतर के प्रवक्ता माजिद-अल-अंसारी ने कहा कि इस अहम समुद्री मार्ग को फिर से सुचारु करने के लिए कई देशों के साथ लगातार बातचीत जारी है।

अल-अंसारी ने जोर देकर कहा कि होर्मुज का मुद्दा सामूहिक प्रयास से ही सुलझाया जा सकता है और इसमें क्षेत्रीय देशों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मार्ग को खोलने के लिए किसी तरह की शर्तें नहीं होनी चाहिए, ताकि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो।

कतर ने यह भी संकेत दिया कि पाकिस्तान में संभावित अगली कूटनीतिक वार्ता को लेकर अभी औपचारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन वह संवाद के जरिए समाधान निकालने के पक्ष में हैं।

इस बीच फ्रांस और यूके ने होर्मुज संकट पर संयुक्त पहल शुरू की है। दोनों देश शुक्रवार को एक ऑनलाइन बैठक आयोजित करेंगे, जिसमें उन देशों को आमंत्रित किया गया है, जो इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा में सहयोग देना चाहते हैं।

इस बैठक की अगुवाई फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर करेंगे। बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि मौजूदा हालात सामान्य होने पर जहाजों की सुरक्षित आवाजाही कैसे सुनिश्चित की जाए।

सूत्रों के अनुसार, फ्रांस और ब्रिटेन पहले से ऐसी योजना पर काम कर रहे हैं, जिसमें तेल टैंकरों और बड़े वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षा प्रदान करते हुए इस मार्ग से निकाला जा सके।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story