पश्चिम एशिया तनाव : कतर-जॉर्डन ने बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now

दोहा, 11 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कतर और जॉर्डन ने शांति बहाली के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज करने पर जोर दिया है। कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी और जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी के बीच शनिवार को हुई टेलीफोन वार्ता में दोनों नेताओं ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की।

कतर के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने माना कि मौजूदा हालात क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि विवादों का समाधान केवल संवाद, कूटनीति और शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से ही संभव है।

वार्ता के दौरान कतर ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन को पूरी तरह लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही दोनों पक्षों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता दोहराई, क्योंकि यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

दोनों देशों ने क्षेत्र में तनाव कम करने, संघर्ष को फैलने से रोकने और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की। उनका मानना है कि लगातार बढ़ता सैन्य तनाव न केवल पश्चिम एशिया बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा पर भी व्यापक प्रभाव डाल सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story