कतर के गैस प्लांट में रविवार को हुए विस्फोट में नेपाल के भी कई नागरिक घायल, 12 भारतीयों की गई थी जान

WhatsApp Channel Join Now
कतर के गैस प्लांट में रविवार को हुए विस्फोट में नेपाल के भी कई नागरिक घायल, 12 भारतीयों की गई थी जान


कतर के गैस प्लांट में रविवार को हुए विस्फोट में नेपाल के भी कई नागरिक घायल, 12 भारतीयों की गई थी जान


काठमांडू, 23 जून (हि.स.)। कतर के रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित गैस उत्पादन केंद्र में रविवार को हुए भीषण विस्फोट में कई नेपाली नागरिक भी घायल हुए हैं। इस विस्फोट में 12 भारतीय और 1 पाकिस्तानी नागरिक समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई थी।

इस भीषण हादसे में 66 से अधिक लोग घायल हुए हैं। जिनमें नेपाल से काम करने गए लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

घायलों में नेपाली नागरिकों के अलावा कतर, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, केन्या, घाना, तंजानिया और नाइजीरिया के नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है। हालांकि, अभी तक घायलों की नामावली सार्वजनिक नहीं की गई है।

गैस प्लांट में हुए विस्फोट से मौत और घायलों की जानकारी कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने दी।

दोहा स्थित नेपाली दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर रास लाफान घटना में कुछ नेपाली नागरिकों के घायल होने की जानकारी दी। दूतावास ने कहा है कि कतर प्रशासन की ओर से उन्हें इस बात की जानकारी दी गई है। हालांकि दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक घायलों के नामों की जानकारी नहीं दी गई है।

दूतावास ने कतर के अधिकारियों के हवाले से बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें उचित उपचार दिया जा रहा है।

कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने इस घटना को हमला नहीं बल्कि एक दुर्घटना बताया है। उन्होंने कहा, “यह एक दुर्घटना है, कोई तोड़फोड़ या शत्रुतापूर्ण गतिविधि नहीं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story