क्रीमिया पुल पर हमले के बाद पुतिन ने काला सागर और ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने की संभावना खारिज की

WhatsApp Channel Join Now

मॉस्को, 19 नवंबर (हि.स.)। क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले पुल पर यूक्रेन के हमलों के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने काला सागर और ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने के किसी भी समझौते की संभावना खारिज कर दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस इन हमलों का जवाब देगा और उसकी कार्रवाई यूक्रेन के हमले से कहीं अधिक कड़ा प्रहार होगी।

पुतिन ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन ने एक सप्ताह के भीतर तीसरी बार क्रीमिया पुल को निशाना बनाया है। यह हमला ऐसे समय हुआ, जब चीन के शेनझेन में एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन ने चीन और अमेरिका के राष्ट्रपतियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता की थी।

वार्ता के बाद पुतिन ने बताया कि उन्होंने रूस की सुरक्षा परिषद के साथ समुद्र और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के संभावित समझौते पर चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों से इस प्रस्ताव पर और विचार करने तथा बाद में अपनी राय देने को कहा गया था। उन्हें उम्मीद थी कि इस दिशा में कोई सहमति बन सकती है।

हालांकि, क्रीमिया पुल पर हमले के बाद उन्होंने साफ कर दिया कि अब ऐसा कोई समझौता नहीं होगा। पुतिन ने कहा, “हम इन हमलों का जवाब देंगे। मैं चाहता हूं कि सभी यह जान लें कि हमारी प्रतिक्रिया की चोट कीव शासन की ओर से पुल पर किए गए हमले से कहीं अधिक गंभीर होगी।”

रूसी राष्ट्रपति ने दावा किया कि क्रीमिया पुल का इस्तेमाल केवल नागरिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने यूक्रेन के उस आरोप को खारिज किया कि इस पुल से सैन्य उपकरण या पेट्रोलियम उत्पादों की ढुलाई होती है।

पुतिन ने कहा कि रूस पुल को दोबारा बनाने का काम करेगा। उनके अनुसार, पुल के सड़क वाले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780095 Articles

Share this story