पुतिन ने खाड़ी देशों के नेताओं से की बात, क्षेत्रीय युद्ध के खतरे को लेकर दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

मॉस्को, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को खाड़ी क्षेत्र के चार प्रमुख नेताओं से फोन पर बातचीत की और अमेरिका-इजराइल के ईरान पर हमलों से व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष भड़कने की आशंका जताई।

क्रेमलिन के अनुसार, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने इस बात पर गंभीर चिंता व्यक्त की कि संघर्ष का दायरा बढ़कर कई अरब देशों तक पहुंच चुका है और इसके “विनाशकारी परिणाम” हो सकते हैं।

पुतिन ने इस “अत्यंत खतरनाक स्थिति” से निपटने के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर जोर दिया। वहीं मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कि रूस, ईरान और खाड़ी देशों के साथ अपने अच्छे संबंधों के कारण क्षेत्र में स्थिरता लाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

रूस ने पहले भी अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाइयों तथा ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या की निंदा की है।

पुतिन ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बातचीत की। क्रेमलिन के मुताबिक, दोनों नेताओं ने शत्रुता समाप्त करने और राजनीतिक व कूटनीतिक प्रक्रिया में लौटने की आवश्यकता पर बल दिया।

इसके अलावा, कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी के साथ बातचीत में भी पश्चिम एशिया संघर्ष के विस्तार और तीसरे देशों के इसमें खिंचे चले आने के जोखिम पर चिंता जताई गई। रूसी राष्ट्रपति ने बहरीन के शाह से भी हालात पर चर्चा की।

लगातार बढ़ते सैन्य तनाव के बीच रूस कूटनीतिक समाधान की वकालत कर रहा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय क्षेत्रीय युद्ध की आशंका से चिंतित है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story