ईरान पर सैन्य कार्रवाई सीमित करने का प्रस्ताव अमेरिकी सीनेट में खारिज

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन, 31 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी सीनेट में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर संसदीय नियंत्रण बढ़ाने से जुड़ा एक प्रस्ताव आवश्यक समर्थन हासिल नहीं कर सका। गुरुवार को हुई मतदान प्रक्रिया में प्रस्ताव के पक्ष में 49 और विपक्ष में 50 मत पड़े, जिसके बाद यह आगे नहीं बढ़ सका।

यह प्रस्ताव राष्ट्रपति के सैन्य अधिकारों पर संसदीय निगरानी को मजबूत करने के उद्देश्य से लाया गया था। प्रस्ताव रखने वाले सांसद चाहते थे कि इसे सीनेट के पूर्ण सदन में विस्तृत चर्चा और अंतिम मतदान के लिए भेजा जाए, लेकिन पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।

यदि प्रस्ताव पारित हो जाता, तो ईरान के खिलाफ भविष्य में व्यापक सैन्य कार्रवाई करने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए कांग्रेस की मंजूरी लेना आवश्यक हो सकता था। फिलहाल यह पहल आगे नहीं बढ़ पाई है और इस विषय पर मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

ईरान और अमेरिका के मध्य जारी तनाव के बीच इस मुद्दे पर अमेरिकी संसद में हुई बहस को दोनों देशों के संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story