प्रिंस हैरी को अदालत में झटका, डेली मेल के प्रकाशक के खिलाफ अवैध जासूसी का मुकदमा खारिज

WhatsApp Channel Join Now

लंदन, 07 जुलाई (हि.स.)। ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और छह अन्य चर्चित हस्तियों को मंगलवार को उस समय बड़ा कानूनी झटका लगा, जब ब्रिटेन के हाई कोर्ट ने डेली मेल के प्रकाशक एसोसिएटेड न्यूजपेपर्स लिमिटेड (एएनएल) के खिलाफ अवैध तरीके से जानकारी जुटाने के आरोपों से जुड़ा उनका मुकदमा खारिज कर दिया।

हाई कोर्ट के न्यायाधीश मैथ्यू निकलिन ने अपने फैसले में कहा कि आरोप गंभीर अवश्य हैं, लेकिन केवल संदेह के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि वादियों को यह साबित करना था कि डेली मेल में प्रकाशित खबरों के लिए इस्तेमाल की गई जानकारी अवैध तरीकों से प्राप्त की गई थी, जो वे साबित नहीं कर सके।

न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि किसी जानकारी का निजी होना या प्रकाशक द्वारा उसके स्रोत की स्पष्ट व्याख्या न कर पाना, अपने-आप यह साबित नहीं करता कि वह जानकारी अवैध तरीके से हासिल की गई थी।

प्रिंस हैरी ने अन्य हस्तियों के साथ आरोप लगाया था कि वर्ष 1993 से 2011 के बीच डेली मेल समूह के प्रकाशनों ने निजी जासूसों की मदद से वॉयसमेल हैकिंग, फोन टैपिंग और धोखाधड़ी के जरिए निजी रिकॉर्ड हासिल करने जैसी गैरकानूनी गतिविधियां अपनाईं।

इस मामले में प्रिंस हैरी के अलावा मशहूर गायक एल्टन जॉन, उनके पति डेविड फर्निश, अभिनेत्री एलिजाबेथ हर्ले, सामाजिक कार्यकर्ता डोरीन लॉरेंस, अभिनेत्री सैडी फ्रॉस्ट और पूर्व सांसद साइमन ह्यूजेस भी वादी थे।

फैसले का स्वागत करते हुए एएनएल ने इसे डेली मेल और उसके पत्रकारों की बड़ी जीत बताया। कंपनी ने कहा कि अदालत ने प्रत्येक मामले में उसके पत्रकारों की गवाही को विश्वसनीय माना और यह निर्णय उसके पत्रकारिता कार्य की वैधता की पुष्टि करता है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story