अमेरिका के पूर्वोत्तर में तूफान से जनजीवन प्रभावित, सैकड़ों उड़ानें रद्द

WhatsApp Channel Join Now


न्यूयॉर्क, 26 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका के पूर्वोत्तर हिस्से में तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली ‘नॉरईस्टर’ तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया है। तूफान के कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, कनेक्टिकट और मैसाचुसेट्स में 75 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो गई।

न्यूयॉर्क, बोस्टन और फिलाडेल्फिया समेत कई शहरों और आसपास के इलाकों में खराब मौसम का असर देखा जा रहा है। मौसम अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों में बाढ़ आने और निचले इलाकों की सड़कों पर पानी भरने की आशंका जताई है। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, सप्ताहांत में समुद्र में ज्वार के कई चक्रों के दौरान मिड-अटलांटिक तट पर गंभीर बाढ़ आ सकती है।

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने बताया कि तूफान न्यूयॉर्क सिटी के तटीय इलाकों और लॉन्ग आइलैंड की ओर बढ़ रहा है। लॉन्ग आइलैंड में अगले कुछ दिनों के दौरान करीब 15 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। कुछ तटीय क्षेत्रों में छह मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने लोगों को तेज हवाओं और बिजली के तार गिरने के खतरे को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

सैकड़ों उड़ानें रद्द

तूफान के चलते सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं। फ्लाइट ट्रैकर फ्लाइटअवेयर के अनुसार, अकेले बोस्टन के लोगान हवाई अड्डे पर करीब 130 उड़ानें रद्द की गईं। जेटब्लू, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस समेत कई प्रमुख विमानन कंपनियों ने यात्रियों को यात्रा में बदलाव की सुविधा देने के लिए अलर्ट जारी किए हैं।

संयुक्त राष्ट्र ने भी न्यूयॉर्क मुख्यालय में महासभा की कवरेज कर रहे मीडिया संस्थानों से तेज हवाओं के मद्देनजर बाहर लगाए गए प्रसारण उपकरण हटाने को कहा।

कई बड़े आयोजन रद्द

खराब मौसम का असर क्षेत्र के सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी पड़ा। न्यूयॉर्क में ग्लोबल सिटीजन और ऑल थिंग्स गो संगीत समारोह रद्द कर दिए गए, जबकि मैरीलैंड में ओशन्स कॉलिंग कार्यक्रम भी नहीं हो सका।

ग्लोबल सिटीजन के आयोजकों ने कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम रद्द करने का फैसला किया गया। यह 14 वर्षों में पहली बार था जब उन्हें कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

मैसाचुसेट्स के कुछ इलाकों में करीब 13 सेंटीमीटर बारिश का अनुमान था। यह मात्रा एक महीने से अधिक की सामान्य बारिश के बराबर बताई गई। खराब मौसम के कारण ब्रिटिश पॉप गायक एड शीरन के बोस्टन के पास सप्ताहांत में होने वाले संगीत कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए। न्यू इंग्लैंड के तट पर हवाओं की रफ्तार 105 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।

इस सप्ताह नॉर्थ कैरोलिना, वर्जीनिया, मैरीलैंड, डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ तटीय इलाकों में पहले ही बाढ़ की स्थिति सामने आ चुकी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story