पोप लियो ने लेबनान के पादरियों से की वीडियो कॉल, दिया शांति का संदेश

WhatsApp Channel Join Now

वेटिकन सिटी/बेरूत, 06 मई (हि.स.)। कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप लियो ने बुधवार को दक्षिणी लेबनान के पादरियों के एक समूह से अचानक वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर उन्हें प्रोत्साहन दिया। यह कॉल कुछ मिनटों की रही, लेकिन इसका भावनात्मक प्रभाव गहरा बताया जा रहा है।

वेटिकन मीडिया के अनुसार, इस वर्चुअल बैठक में शामिल पादरी लेबनान के उन गांवों से थे, जो इजराइल सीमा के करीब स्थित हैं और हालिया तनाव के कारण घिरे हुए हैं। कॉल के दौरान पोप ने सभी पादरियों को उनके कार्यों के लिए सराहा और कहा कि वे उनकी प्रार्थनाओं में शामिल हैं। उन्होंने उन्हें आशीर्वाद भी दिया और जल्द शांति स्थापित होने की कामना की।

यह बातचीत मूल रूप से वेटिकन के लेबनान स्थित राजदूत पाओलो बोर्जिया के साथ निर्धारित एक नियमित ऑनलाइन बैठक का हिस्सा थी। हालांकि बैठक के दौरान बोर्जिया ने पादरियों को बताया कि पोप उनसे सीधे बात करना चाहते हैं, जिससे सभी आश्चर्यचकित हो गए।

दक्षिणी लेबनान के एक पादरी ने इस अनुभव को “उम्मीद और भरोसे की नई किरण” बताया। उन्होंने कहा कि पोप के शब्दों ने कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे धार्मिक नेताओं को मानसिक और आध्यात्मिक बल दिया है।

यह वीडियो कॉल ऐसे समय में हुई है, जब क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और शांति की संभावनाएं अनिश्चित हैं। पोप का यह कदम शांति और संवाद के प्रति उनके रुख को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि यह बातचीत अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की पोप से प्रस्तावित मुलाकात से ठीक पहले हुई है। इस मुलाकात को लेकर कूटनीतिक हलकों में भी चर्चा बनी हुई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story