नेपाल में एक वन रक्षक का सिर कटा शव मिला
काठमांडू, 03 जनवरी (हि.स.)। नेपाल के सर्लाही जिले के ईश्वरपुर स्थित सागरनाथ वन विकास परियोजना में कार्यरत एक वन रक्षक की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है।
शनिवार शाम ईश्वरपुर निवासी 47 वर्षीय रामेश्वर महतो का सिर कटा शव मिलने की जानकारी जिला पुलिस कार्यालय सर्लाही ने दी है।
सर्लाही के डीएसपी सरोज राय ने कहा, “सुबह घर से काम के लिए निकले वन रक्षक का शव सिर कटी अवस्था में मिला है। हमारी टीम अभी भी घटनास्थल पर है। शव का सिर अब तक बरामद नहीं हुआ है। पास में एक तालाब भी है, आशंका है कि हत्यारे ने सिर उसी तालाब में फेंका होगा, इसलिए हम जाल डालकर खोजबीन कर रहे हैं।”
राय ने बताया कि शव के पास खून से सना एक कुल्हाड़ी भी बरामद हुआ है। उन्होंने कहा, “घटनास्थल की स्थिति देखकर लगता है कि उसी कुल्हाड़ी से सिर काटा गया है।”
पुलिस ने इस हत्या में संलिप्त होने के संदेह में गांव के ही कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राय बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पुलिस टीम के साथ शनिवार देर शाम घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
आज सुबह करीब 5 बजे जंगल के भीतर पेड़ काटने की आवाज सुनने के बाद वन रक्षक महतो साइकिल से उस दिशा में गए थे, यह जानकारी उनके परिवार के सदस्यों ने दी है।
शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। डीएसपी महतो ने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों द्वारा खोजबीन के दौरान शनिवार शाम जंगल में सिर कटी अवस्था में महतो का शव बरामद हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

