फिलीपींस में ज्वालामुखी विस्फोट, हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

WhatsApp Channel Join Now


मनीला, 03 मई (हि.स.)। फिलीपींस में मेयोन ज्वालामुखी के विस्फोट के बाद राजधानी मनीला के दक्षिणी इलाकों में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान ने ज्वालामुखी की गतिविधि को देखते हुए अलर्ट लेवल 3 घोषित किया है। इसका मतलब है कि मैग्मा सतह के करीब पहुंच चुका है और आने वाले दिनों या हफ्तों में खतरनाक विस्फोट की आशंका बनी हुई है। अधिकारियों ने सक्रिय क्रेटर के आसपास खतरे का दायरा बढ़ाकर आठ किलोमीटर तक करने की चेतावनी दी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्वालामुखी से लावा कई दिशाओं में बह रहा है और बीच-बीच में विस्फोटक गतिविधियां भी देखी जा रही हैं। दक्षिण-पश्चिमी ढलान पर राख गिरने और तेज गर्म गैसों के प्रवाह (पायरोक्लास्टिक करंट) की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आसपास के गांवों में खतरा बढ़ गया है।

प्रशासन ने छह किलोमीटर के दायरे को स्थायी खतरा क्षेत्र घोषित करते हुए लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही ज्वालामुखी के आसपास हवाई उड़ानों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

इस आपदा से 1,300 से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। कई गांवों में पानी की आपूर्ति सीमित कर दी गई है और राहत एजेंसियां स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और मास्क उपलब्ध कराने में जुटी हैं। विशेष रूप से सांस संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए एन95 मास्क की व्यवस्था की जा रही है।

सरकार ने सड़कों की सफाई, जल शोधन और राहत सामग्री वितरण के लिए विभिन्न विभागों की टीमें तैनात की हैं। राहत शिविरों में लोगों को भोजन, जरूरी सामान और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story