पीटर मैग्यार ने हंगरी के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली

WhatsApp Channel Join Now
पीटर मैग्यार ने हंगरी के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली


बुडापेस्ट, 12 मई (हि.स.)। हंगरी में हालिया चुनाव जीतने के बाद नए प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार के नेतृत्व वाली नई सरकार ने आधिकारिक रूप से शपथ ग्रहण कर लिया। राजधानी बुडापेस्ट स्थित एलेक्जेंडर पैलेस में आयोजित समारोह में उनकी पार्टी ‘टिसा’ के मंत्रियों की नियुक्ति की पुष्टि की गई।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक दिलचस्प राजनीतिक संकेत भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री मैग्यार और उनकी टीम ने राष्ट्रपति तामास सुलियोक के साथ कोई संयुक्त तस्वीर नहीं खिंचवाई। सुल्योक को पूर्व प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन का करीबी सहयोगी माना जाता है।

पीटर मैग्यार ने सोशल मीडिया पर इस फैसले का कारण बताते हुए कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रपति से बधाई लेने या संयुक्त फोटो खिंचवाने की इच्छुक नहीं है। उन्होंने राष्ट्रपति को पूर्व शासन का “कठपुतली” तक कहा, जिससे यह साफ संकेत मिला कि नई सरकार पुराने सत्ता ढांचे से दूरी बनाना चाहती है।

इसके बाद राष्ट्रीय विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र में 16 नए मंत्रियों ने भी शपथ ली। अपने संबोधन में मैग्यार ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य उद्देश्य हंगरी के अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ संबंधों को “बहाल और मजबूत” करना होगा। उन्होंने चुनाव में मिली भारी जीत को जनता के परिवर्तन के स्पष्ट जनादेश के रूप में बताया।

मैग्यार ने पूर्व सरकार पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा कि सरकारी भवनों का दौरा करने के दौरान उन्हें अत्यधिक विलासिता और फिजूलखर्ची देखकर खुद भी आश्चर्य हुआ। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story